रायगढ़ में सड़क घेरने वालों पर निगम का एक्शन, 11 हजार जुर्माना; 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली सामग्री जब्त

रायगढ़ में कई सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री फैलाई जाने की शिकायतों के बाद नगर निगम ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया और 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली निर्माण सामग्री जब्त की गई।
नगर निगम की सफाई टीम शहर की अलग-अलग सड़कों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करने निकली। अभियान के दौरान सड़क पर फैले निर्माण मलबे और अन्य सामग्री की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान 10 से अधिक लोगों को समझाइश दी गई।
उन्हें बताया गया कि सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण मलबा या अन्य सामग्री डालने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इन लोगों पर लगा जुर्माना
जूटमिल, कबीर चौक और छातामुड़ा क्षेत्र में गुरुजी आटा चक्की के पास सड़क पर सीएंडडी वेस्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट) फैला मिला। इस पर 1 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। सुदर्शन देवांगन के सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाने पर 3 हजार रुपए की पेनाल्टी वसूली गई।
वहीं, डीएम साव पर सड़क पर सीएंडडी वेस्ट फैलाने के मामले में 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। विजयपुर चौक में रवि सोनी के सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर आवागमन बाधित करने पर 2 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
मलबा हटाने के दिए निर्देश
कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को तत्काल सड़क और सार्वजनिक स्थानों से मलबा हटाने के निर्देश दिए गए। सभी जगहों से कुल 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली निर्माण सामग्री जब्त की गई।
लगातार जारी रहेगा अभियान
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री फैलाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इसे देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लोगों से की अपील
नगर निगम प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री नहीं फैलाने की अपील की है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और दुर्घटनाओं की आशंका न हो।










