बीजापुर के नक्सल प्रभावित कमलापुर में CRPF ने खोला ऑपरेशन कैंप, सुरक्षा, शांति और विकास की ओर कदम

बीजापुर: जिले में फिर एक नया कैंप स्थापित किया गया है. उसूर और बासागुड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कमलापुर, मुरूडबाका, तुमरेल, पावरगुड़ा, रेखापल्ली और आसपास के इलाके लंबे समय से नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं. इन क्षेत्रों में सुरक्षा, शांति और विकास को मजबूत करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने एक अहम कदम उठाया है
कमलापुर में स्थापित हुआ नया ऑपरेशन कैंप: सीआरपीएफ की 229वीं बटालियन द्वारा ग्राम कमलापुर में नए ऑपरेशन कैंप की स्थापना की गई. इस कैंप का उद्घाटन 13 दिसंबर 2025 को बीजापुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक बी.एस. नेगी ने किया.
हाईटेक सुरक्षा से लैस है ऑपरेशन कैंप: सुरक्षा की दृष्टि से यह ऑपरेशन कैंप तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था से लैस है. कैंप और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है. यहां तैनात जवान हर तरह की सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह प्रशिक्षित हैं.
ऑपरेशन कैंप का उद्देश्य: नवस्थापित ऑपरेशन कैंप का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है. साथ ही नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और किसी भी सुरक्षा चुनौती से त्वरित रूप से निपटना है. कैंप की स्थापना से ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है और वे अब विकास कार्यों में खुलकर भाग ले सकेंगे
ग्रामीणों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर: सीआरपीएफ की ओर से सामाजिक दायित्व निभाते हुए निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया. 229वीं बटालियन के चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक दवाइयों का मुफ्त वितरण किया. ग्रामीणों को भविष्य में भी कैंप से चिकित्सा सहायता लेने की जानकारी दी गई.
पहले भी सफल अभियान चला चुकी है 229वीं बटालियन: अधिकारियों ने बताया कि 229वीं बटालियन पहले भी सिलगेर, पुथकेल और गुजापरती जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सफल अभियान चला चुकी है. नक्सल प्रभाव को कम करने में बटालियन की अहम भूमिका रही है. कमलापुर में ऑपरेशन कैंप की स्थापना उसी कड़ी का एक मजबूत कदम है.
सहयोग की अपील: अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी समस्या या सूचना के लिए बिना डर सुरक्षा बलों से संपर्क करें. उन्होंने कहा कि प्रशासन और सुरक्षा बल मिलकर इस क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम करेंगे.
उद्घाटन कार्यक्रम में CRPF और कोबरा बटालियन के कई अधिकारी उपस्थित रहे. इनमें 229वीं बटालियन के कमांडेंट ब्रजेश कुमार सिंह, 206 कोबरा बटालियन के कमांडेंट पुष्पेन्द्र सिंह, 210 कोबरा बटालियन के कमांडेंट अशोक, 153वीं बटालियन के कमांडेंट अमित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी मुख्तयार सिंह, SDOP आवापल्ली तिलेश्वर कुमार यादव सहित स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और जवान शामिल रहे.











