औरंगाबाद में करंट का कहर: खेत जा रहे किसान की तार छूते ही मौत!

औरंगाबाद : विद्युत करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई. घटना अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत करमडीह गांव की है. मृतक की पहचान उस गांव निवासी 45 साल के मिथिलेश रजक के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह मिथिलेश रजक अपने खेत की ओर रबी फसल की कटाई करने के लिए निकले थे.

इसी दौरान बधार में हरी-भरी घास के बीच उन्हें जमीन पर गिरा बिजली का तार दिखाई नहीं दिया और वे अनजाने में उसके संपर्क में आ गए. करंट लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं हो सकी.करीब सात घंटे बाद दोपहर में जब कुछ महिलाएं बधार में घास काटने पहुंचीं, तब उन्होंने मिथिलेश रजक को जमीन पर पड़ा देखा. पास जाकर देखने पर उन्हें घटना का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत गांव के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी.

इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई. ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.मृतक के परिजनों ने बताया कि मिथिलेश रजक की पत्नी पूर्व में गांव की सरपंच रह चुकी हैं. परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है.

तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा चंदन अविवाहित है और रेलवे में नौकरी करता है. इस घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते टूटे तार को ठीक कर दिया जाता, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था.

वहीं परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com