बिलासपुर में बाइक स्टंट का खतरनाक खेल, एक वाहन पर 5 सवार; नंबर प्लेट की जगह लिखा ‘जय महाकाल’

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्कूली बच्चों और युवाओं के बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट करने के मामले सामने आए हैं। एक वीडियो में स्कूली बच्चे एक ही बाइक पर पांच लोगों के साथ सवार दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते और सड़क पर स्टंट करते नजर आए।
एक स्कूटी पर पांच युवक सवार
तितली चौक पर एक स्कूटी में पांच युवक सवार दिखाई दिए। सभी रेलवे स्टेशन की ओर से तितली चौक होते हुए तेज रफ्तार में बुधवारी बाजार की तरफ जा रहे थे। एक ही दोपहिया वाहन पर पांच लोगों के सवार होने से हादसे का खतरा बना हुआ था।
स्कूल यूनिफॉर्म में नाबालिगों का स्टंट
इमलीपारा रोड पर स्कूल यूनिफॉर्म पहने पांच नाबालिग एक बाइक पर सवार नजर आए। बाइक पर बैठे दो नाबालिग दोनों तरफ खड़े होकर स्टंट करते दिखाई दिए। स्कूल की छुट्टी के बाद सड़क पर इस तरह बाइक चलाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
नंबर प्लेट की जगह लिखा ‘जय महाकाल’
तेलीपारा रोड पर एक युवक तेज रफ्तार में बुलेट चलाता दिखाई दिया। बाइक की नंबर प्लेट की जगह ‘जय महाकाल’ लिखा हुआ था। वहीं, साइंस कॉलेज के पास एक बुलेट की आगे की नंबर प्लेट टूटी मिली, जबकि पीछे नंबर प्लेट की जगह काली प्लेट लगी हुई थी।
बिना नंबर प्लेट और स्टंट करने वालों पर कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शहर में बाइक और कार से स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चौराहों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी के साथ नियम तोड़ने वाले वाहनों के चालान किए जा रहे हैं। बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तैयारी है।
हाईकोर्ट भी स्टंटबाजी पर जता चुका है सख्त रुख
सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, बर्थडे सेलिब्रेशन और केक कटिंग से जुड़े मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई थी।
कोर्ट ने कहा था कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। ऐसे मामलों में कार्रवाई केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।









