पढ़ाई के लिए पिता से टकराई बेटी: जनसुनवाई में 16 वर्षीय छात्रा ने मांगा छात्रावास में रहने का अधिकार

भोपाल में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक 16 वर्षीय छात्रा ने अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। छात्रा ने आवेदन देकर बताया कि उसके पिता उसे आगे पढ़ने नहीं देना चाहते और विरोध करने पर मारपीट भी करते हैं, ऐसे में उसे छात्रावास में रहने की अनुमति दी जाए।

कमलानगर क्षेत्र के न्यू शबरी नगर में रहने वाली छात्रा ने बताया कि उसने संस्थाओं में रहकर आठवीं तक की पढ़ाई पूरी की है। वह आगे पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन पिता इसके खिलाफ हैं। छात्रा के अनुसार, आठवीं कक्षा में फेल होने के बाद भी उसने बालिका गृह में रहकर परीक्षा दी और पास हुई, लेकिन अब आगे पढ़ने में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं।

छात्रा ने बताया कि पढ़ाई को लेकर पिता के साथ विवाद बढ़ता गया, जिससे उसे अलग-अलग संस्थाओं में रहना पड़ा। अब वह संस्था से बाहर आ चुकी है और नियमित पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन पारिवारिक माहौल इसके अनुकूल नहीं है। इस स्थिति में उसने शासकीय कन्या छात्रावास में प्रवेश दिलाने की मांग की है।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी जनसुनवाई में अन्य मामलों में भी बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आईं। अतिक्रमण से जुड़े मामलों में कार्रवाई न होने पर लोगों ने नाराजगी जताई। कुछ ग्रामीणों ने अवैध कब्जे और जमीन से जुड़े विवादों की शिकायत की, जिसमें संबंधित विभागों पर लापरवाही के आरोप लगाए गए।

इसके अलावा कई गांवों के लोगों ने मुख्य मार्ग पर स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि दुकान के कारण क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल है और महिलाओं व बच्चों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

वहीं एक सहकारी संस्था में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए, जिसमें पूर्व पदाधिकारियों पर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

close
Virus-free.www.avast.com