मैहर में 6 दिन से लापता नाबालिग का मिला शव, संदिग्ध हालात में मौत

मैहर: मैहर के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत पपरा जंगल में एक नाबालिग किशोरी का शव नाले से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई.

किशोरी बीते छह दिनों से लापता थी। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने के बाद किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है. मृतका की पहचान कंदहली निवासी 17 वर्षीय दुर्गा यादव, पिता रामकलेश यादव के रूप में हुई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गा यादव 17 जनवरी को घर से पांच भैंस लेकर जंगल में चराने गई थी। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के गांवों व जंगल क्षेत्र में खोजबीन की गई, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों द्वारा ताला थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.

लगातार एक सप्ताह तक चली तलाश के बाद पपरा जंगल के भीतर एक नाले में किशोरी का शव बरामद हुआ। शव की हालत अत्यंत खराब थी, जिससे परिजन और ग्रामीणों ने हत्या या किसी गंभीर घटना की आशंका जताई है.

घटना की सूचना मिलते ही ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया.

मृतका की मां रामबाई यादव ने बताया कि बेटी भैंस चराने गई थी। देर शाम तक वापस न आने पर खोजबीन की गई। बाद में भैंसें तो मिल गईं, लेकिन दुर्गा का कोई पता नहीं चला.

इस संबंध में थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि किशोरी का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com