दुर्ग जिला अस्पताल के पीछे नाली में मिला नवजात का शव, पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग जिला अस्पताल के मातृत्व-शिशु विभाग के पीछे स्थित नाली में एक नवजात बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का पता तब चला जब कचरा बीनने वाली एक महिला ने नाली में कुछ बहता हुआ देखा और पास जाकर देखने पर उसे नवजात का शव दिखाई दिया।

महिला ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाली से शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्युरी में रखवा दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार नवजात भ्रूण करीब छह महीने का प्रतीत हो रहा है और उसका शरीर काफी हद तक विकसित था। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि किसी ने डिलीवरी के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया होगा, क्योंकि जहां शव मिला वह स्थान अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड यूनिट के पीछे का क्षेत्र है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा जन्म के समय जीवित था या नहीं।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अस्पताल के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात का शव नाली में कैसे पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

close