प्रधान आरक्षक का शव फंदे पर मिला, पुलिस विभाग में शोक की लहर

खैरागढ़ जिले में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक का शव उनके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
सुबह परिजनों ने देखा फंदे पर लटका शव
जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक शीतल यादव अपने परिवार के साथ शहर के दाऊचौरा क्षेत्र स्थित निवास में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। शनिवार तड़के उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को घर के हॉल में गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
फोरेंसिक जांच के बाद होगा कारणों का खुलासा
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया शुरू की। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों, सहकर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। शीतल यादव को विभाग में एक कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार कर्मचारी के रूप में जाना जाता था। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा दुख है।











