भिलाई में संदिग्ध हालात में फंदे पर मिला युवक का शव, भाई ने जताई हत्या की आशंका

भिलाई के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर फंदे से लटकती लाश मिली है। पुलिस आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है, लेकिन उसके भाई ने हत्या की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि शव पर चोट के निशान मिले हैं। सुसाइड नोट में दो लोगों के नाम सामने आए हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहन रामटेक (42) के रूप में हुई है। वो पिछले करीब 3 महीने से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। पेंटिंग का काम करता था। मामला स्मृति नगर चौकी इलाके का है।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, शानिवार सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी हुई, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घर के अंदर फंदे से लटका शव बरामद किया। उसके पास से सुसाइड नोट भी मिला है।मृतक के भाई नवीन रामटेके ने बताया कि, किसी से कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था, लेकिन शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने बताया कि, मां का भिलाई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार को उनका ऑपरेशन होना था। जिस कारण परिवार के सभी लोग रात में अस्पताल में थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान यह घटना हुई।

घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी, सुपेला थाना पुलिस, एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर और सीएसपी भिलाई नगर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और सुसाइड नोट को जांच के लिए जब्त किया है।

सभी एंगल से जांच कर रही पुलिस

एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि, युवक का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सुसाइड नोट और शरीर पर मिले चोट के निशानों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।

भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि, घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें कुछ नाम आए हैं जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। सुसाइड नोट में आए नामों की भी पड़ताल की जा रही है।

close