बिलासपुर ट्रेन हादसे में मृतकों की संख्या 11 हुई, 20 घायलों का चल रहा इलाज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार शाम एक भीषण ट्रेन हादसा हुआ. गेवरा रोड से बिलासपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन (MEMU) एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई. इस हादसे में मरने वालों की तादाद बढ़कर 11 हो गई है, जबकि 20 यात्री घायल हुए हैं. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने हादसे के पीछे की वजह ‘सिग्नल ओवरशूट’ बताया है. घायलों को बिलासपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और बचाव कार्य जारी है.

बिलासपुर-कटनी खंड पर यह टक्कर हुई, जिससे ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और इस मार्ग पर रेल यातायात निलंबित हो गया.

हादसे के बाद अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि एमईएमयू लोकल ट्रेन ने सिग्नल को नजरअंदाज किया और खड़ी मालगाड़ी के पिछले हिस्से में जा टकर गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ओवरहेड तारों और सिग्नलिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचा.

सीएम ने जताया दुख, रेलवे ने दिया मुआवजा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और इसे ‘बेहद दुखद’ बताया. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने बिलासपुर जिला कलेक्टर से बात की है और तत्काल राहत एवं सहायता के निर्देश दिए हैं. रेलवे प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 5 लाख रुपये, और मामूली रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है.

रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

रेलवे ने जानकारी चाहने वाले यात्रियों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.

बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
चांपा: 8085956528
रायगढ़: 9752485600
पेंड्रा रोड: 8294730162
कोरबा: 7869953330
उसलापुर: 7777857338
दुर्घटना वाली जगह पर: 9752485499, 8602007202
हादसे के बाद यात्री और उनके परिजन सहायता और जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं. अधिकारियों ने कहा कि रेलवे प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहा है और प्रभावितों के लिए सभी जरूरी सहायता और चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित कर रहा है.

हादसे के बाद, डाउन दिशा की कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और सुरक्षा सुनिश्चित करने, लाइन को साफ करने के लिए यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com