बिलासपुर में दो पक्षों में हिंसक झड़प, पथराव और तोड़फोड़ से मचा हड़कंप; टीआई घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बिलासपुर में सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी को लेकर शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ और कई गाड़ियों, घरों व दुकानों में तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव में तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी के सिर में चोट लगी। एक आरक्षक समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

सोशल मीडिया कमेंट से शुरू हुआ विवाद

कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी को लेकर हिंदूवादी संगठनों के लोग सिटी कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज पहुंचे थे। यहां दोनों पक्षों के बीच पहले मारपीट हुई। इसके बाद दोनों ओर से भीड़ जुटने लगी और विवाद बढ़ता गया। कुछ ही देर में पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस अधिकारियों को भीड़ जुटने और विवाद की सूचना दी गई थी। मौके पर पेट्रोलिंग टीम पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ बढ़ने के साथ दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

CSP से धक्का-मुक्की, TI समेत कई घायल

स्थिति संभालने पहुंचे पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान सिविल ड्रेस में पहुंचे सीएसपी गगन कुमार के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। पथराव के दौरान तारबाहर टीआई रवि तिवारी के सिर में चोट लगी। इसके अलावा एक आरक्षक समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है।

लाठीचार्ज के बाद छोड़े आंसू गैस के गोले

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले बातचीत के जरिए मामला शांत कराने की कोशिश की। जब पथराव जारी रहा तो लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़े गए। सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या ने भीड़ को हटाने के लिए हाथ से आंसू गैस के गोले फेंके। कई गोले छोड़े जाने के बावजूद कुछ समय तक भीड़ नियंत्रित नहीं हो सकी।

थाने में घुसी भीड़, जमकर हंगामा

तनाव बढ़ने पर आक्रोशित भीड़ सिटी कोतवाली थाने के अंदर तक पहुंच गई। यहां गाली-गलौज और हंगामा किया गया। भीड़ की मांग थी कि पथराव और हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।

कई जिलों से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल

हालात को देखते हुए जिलेभर से पुलिस अधिकारियों और जवानों को मौके पर बुलाया गया। इसके अलावा जांजगीर-चांपा और मुंगेली से भी अतिरिक्त बल मंगाया गया। सीएएफ के जवानों की भी तैनाती की गई। देर रात तक बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और नारेबाजी करते रहे।

कलेक्टर-एसएसपी ने संभाला मोर्चा

स्थिति गंभीर होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह खुद सड़क पर उतरे और पुलिस बल के साथ भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी हेलमेट पहनकर इलाके में पैदल मार्च पर निकले। पुलिस ने आसपास की बिजली बंद कर भीड़ को तितर-बितर करने की कार्रवाई की। देर रात तक इलाके में पुलिस की पेट्रोलिंग जारी रही।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद मसानगंज और खपरगंज इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सिटी कोतवाली चौक के आसपास बैरिकेडिंग कर बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। सुबह तक पुलिस ने इलाके में गश्त की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक, व्यक्तिगत विवाद के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी और दोनों ओर से पथराव हुआ। घटना में कुछ लोगों को चोटें आई हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और पड़ोसी जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close