सर्कल रेट, फ्री होल्ड जैसे मुद्दों पर जल्द फैसला… दिल्ली में बजट से पहले सीएम रेखा गुप्ता का ऐलान

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार 24 मार्च को दिल्ली विधानसभा में अपना दूसरा बजट पेश करेगी. बजट पेश करने से पहले रविवार को दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से रविवार को सिविल लाइंस स्थित आवास पर मुलाकात की, सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि मीटिंग में व्यापारियों ने बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में सर्कल रेट की विसंगतियों को लेकर चर्चा की और औद्योगिक क्षेत्रों को लीज होल्ड से फ्री होल्ड करने की मांग भी की गई.

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया को लीज होल्ड से फ्री होल्ड करने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है और जिन भी बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में सर्कल रेट की समस्या है उसको लेकर भी सरकार जल्द निर्णय लेगी.

जानें क्या-क्या की गईं मांगें

भोरगढ, बवाना, बादली, झिलमिल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को लीज होल्ड से हटाकर फ्री होल्ड किया जाए.

दिल्ली में 50 से ज्यादा जगहों पर सर्कल रेट की विसंगतियां हैं,उनको ठीक किया जाए.

दिल्ली में मिनिमम वेजेज, पड़ोसी राज्यों की तुलना में बहुत ज्यादा है उनको तर्कसंगत किया जाए.

दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली की दरें, दूसरे राज्यों की तुलना में बहुत ज्यादा है, उनको तर्क संगत किया जाए.

अलग वेयर हाउस पाॅलिसी बनाने की मांग की गई, ताकि दिल्ली में गोदामों का सही रखरखाव हो सके.

पिछले बजट में व्यापारी कल्याण बोर्ड की घोषणा की गई थी उसका शीघ्र गठन किया जाए.

चीन और दुबई की तर्ज पर दिल्ली में शाॅपिंग फेस्टिवल आयोजित किए जाएं.

चांदनी चौक, सदर बाजार समेत ऐतिहासिक बाजारों के लिए अलग से रिडेवलपमेंट स्कीम बननी चाहिए.

दिल्ली के व्यापारियों का माल देश विदेश में पहुंचे, उसके लिए दिल्ली बाजार पोर्टल बनाया जाए.

दिल्ली के बाजारों में मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के साथ साथ अवैध रेहड़ी पटरी लगती हैं, उनके लिए अलग से जगह चिन्हित की जाए. ईज ऑफ बिजनेस के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाए.

close