भोपाल में शिक्षक अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले, पुलिस ने रोका, पदवृद्धि की मांग पर अड़े

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। गुरुवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भोपाल पहुंचे अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिये रैली निकाली। धरने पर बैठे अभ्यर्थी नारेबाजी करते हुये रोशनपुरा चौराहे पहुंचे। जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

बता दें कि अभ्यर्थी लंबे समय से भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक शिक्षक भर्ती के लिये पद बढ़ाने का आदेश जारी नहीं किया जाता। तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अभ्यार्थियों ने सरकार को दी चेतावनी

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लगातार प्रदर्शन, अनशन और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठा चुके हैं लेकिन अब तक भर्ती में पद बढ़ाने पर फैसला नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक वे भोपाल नहीं छोड़ेंगे और जरूरत पड़ी तो दिल्ली तक अपनी आवाज उठाएंगे।

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत ने दावा करते हुये कहा कि पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी पदवृद्धि के समर्थन में सीएम डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। राजपूत ने कहा कि लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भी इस मुद्दे पर समर्थन दिया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब अलग-अलग नेताओं ने उनकी मांग का समर्थन किया है, तो सरकार को भर्ती में पद बढ़ाने पर निर्णय लेना चाहिये।

कई महीनों से पदवृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका तर्क है कि पदों की संख्या सीमित होने के कारण परीक्षा में सफल कई अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर नहीं मिल पा रहा है। इसी मांग को लेकर आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए रैली निकाली, ताकि सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित कर पदवृद्धि के लिए दबाव बनाया जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close