चम्पावत में पहली बार धामी कैबिनेट की बैठक, भारत-नेपाल सीमा के पास बनबसा में जुटा राज्य मंत्रिमंडल


देहरादून/चम्पावत। उत्तराखंड के चम्पावत जिले में पहली बार कैबिनेट की बैठक आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की यह बैठक भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में हो रही है। सीएम धामी ने कहा कि कैबिनेट की बैठकें अब केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि प्रदेश के दूसरे जिलों में भी आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग जिलों में कैबिनेट बैठक होने से वहां की स्थानीय समस्याओं, जरूरतों और विकास से जुड़े विषयों को सीधे सरकार के सामने रखने का अवसर मिलेगा। स्थानीय परिस्थितियों और लोगों की अपेक्षाओं को समझने के साथ उनसे जुड़े विषयों पर निर्णय लेने में भी मदद मिलेगी।
सीमांत क्षेत्रों को लेकर सीएम धामी ने कही बड़ी बात
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सीमांत क्षेत्रों को सुरक्षा, संस्कृति और विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता इन क्षेत्रों में सुविधाओं के साथ रोजगार, पर्यटन और कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शासन को जनता के और करीब ले जाना चाहती है। इसी उद्देश्य से कैबिनेट की बैठकें प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सीमांत गांवों से लेकर मैदानी इलाकों तक सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास की बात कही।











