धमतरी: 250 एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, कार्रवाई नहीं हुई तो चक्का जाम की चेतावनी

धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम कोरगांव के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे के विरोध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की करीब 250 एकड़ शासकीय भूमि पर पिछले लगभग दस वर्षों से बाहरी लोगों द्वारा लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे गांव की सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
चरागाह भूमि पर कब्जे से बढ़ी पशुपालकों की परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय भूमि पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण चरागाह क्षेत्र भी प्रभावित हो रहा है। इससे पशुपालकों को अपने मवेशियों के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और ग्रामीण चक्का जाम सहित उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
कलेक्टर ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
मामले पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि शिकायत की जानकारी संबंधित तहसीलदार को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि गांव की शासकीय सीमाओं (बाउंड्री) को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार जांच कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।











