DIG-SSP सूरजपुर का औचक निरीक्षण: थाने-चौकी और सीमा में पाई गई खामियां, तुरंत सुधारने के निर्देश

सूरजपुर: डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने अचानक थाना चांदनी, चौकी मोहरसोप और छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश अंतरराज्यीय बार्डर नवाटोला का औचक निरीक्षण किया. सुरक्षा व्यवस्था, तैनाती, रजिस्टर एवं गश्त की स्थिति की बारीकी से जांच के दौरान कई कमियां सामने आईं, जिन्हें अधिकारियों ने तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी प्रदीप सिदार से क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था, सक्रिय अपराधियों, गुंडा–बदमाशों की जानकारी और हाल में की गई चेकिंग के ब्यौरे की समीक्षा की गई. डीआईजी/एसएसपी ठाकुर ने थाना मुलाहिजा, फैना रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों का अवलोकन कर लापरवाही पाए जाने पर सख्त चेतावनी दी.
सीमा चौकी नवाटोला में बढ़ाई सतर्कता
छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा पर स्थित नवाटोला बार्डर का भी अधिकारी ने निरीक्षण किया. वहां तैनात अधिकारियों व जवानों को सजगता से ड्यूटी करने, अवैध धान व अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए. ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जवानों को शीत लहर से बचाव के आवश्यक उपाय करने की भी हिदायत दी गई.
महिला–बच्चों और कमजोर वर्ग की शिकायतों पर संवेदनशीलता के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआईजी/एसएसपी ठाकुर ने थाना चांदनी और चौकी मोहरसोप के प्रभारी और विवेचकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और समाज के कमजोर वर्गों की शिकायतों पर संवेदनशील दृष्टिकोण रखते हुए तुरंत कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से शिकायत लेकर आने वाले लोगों की समस्याएँ आत्मीयता से सुनें और समयबद्ध कार्रवाई कर उन्हें राहत दें.

जवानों से मिले, समस्याएँ सुनीं
औचक निरीक्षण के दौरान डीआईजी/एसएसपी ने चौकी में तैनात जवानों से भी मुलाकात की, उनकी समस्याओं को समझा और त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया. उन्होंने ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के महत्व पर बल दिया. अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण के बाद पुलिस विभाग में सक्रियता बढ़ गई है और दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर थानों में हलचल तेज हो गई है.








