उत्तर कोयल नहर परियोजना पर डीएम का एक्शन मोड, एजेंसियों को चेतावनी

औरंगाबाद : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में उत्तर कोयल नहर जलाशय परियोजना (एनकेआरपी) के अंतर्गत बिहार भाग में संचालित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
जिला पदाधिकारी द्वारा नवीनगर, मदनपुर, अंबा एवं औरंगाबाद प्रमंडल क्षेत्रों में विभिन्न कार्य एजेंसियों द्वारा निष्पादित कार्यों का पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अवलोकन किया गया.एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यों में तीव्रता लाई जाए.
बैठक में राइट मेन कैनाल (RMC) के विभिन्न पैकेजों के अंतर्गत मिट्टी कार्य, कैनाल लाइनिंग, संरचनाओं के निर्माण, भौतिक प्रगति, लंबित कार्यों एवं लक्षित तिथि 31 मार्च 2026 के अनुरूप कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। परियोजना की कुल 77.69 किमी लंबाई के विरुद्ध समग्र भौतिक प्रगति लगभग 43.50 प्रतिशत दर्ज की गई है.बीते एक सप्ताह में 2.02 प्रतिशत की प्रगति प्राप्त हुई है.
बैठक में यह अवगत कराया गया कि पैकेज-7 के कार्य आवंटन की अनुशंसा तकनीकी मूल्यांकन समिति द्वारा 23 फरवरी 2026 को एल-2 निविदाकर्ता के पक्ष में की गई है.वितरण तंत्र (Distribution System) के शेष कार्यों हेतु पुनः निविदा की प्रक्रिया प्रगति पर है। एनकेसीडी गया (1/2 एवं 2/2) के अंतर्गत निविदा खोलने के उपरांत तकनीकी मूल्यांकन जारी है.
व्यय की समीक्षा में बताया गया कि आरएमसी कार्य हेतु ₹49.225 करोड़ की आवंटित राशि के विरुद्ध ₹35.75 करोड़ व्यय किए जा चुके हैं.भूमि अर्जन मद में औरंगाबाद एवं गया जिलों में कुल ₹92.54 करोड़ के आवंटन के विरुद्ध ₹49.44 करोड़ व्यय किए गए हैं।भूमि अर्जन की स्थिति की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि औरंगाबाद जिला में कुल 41.251 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण के लक्ष्य के विरुद्ध 36.563 हेक्टेयर भूमि अर्जित की जा चुकी है तथा शेष भूमि विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रक्रियाधीन है। गया जिला में 96.749 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध 88.045 हेक्टेयर भूमि अर्जित की जा चुकी है एवं शेष भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई प्रगति पर है.
विद्युत अवरोधों के निराकरण की दिशा में राइट मेन कैनाल क्षेत्र में 1257 विद्युत पोल एवं 19 ट्रांसफार्मरों का स्थानांतरण किया जा चुका है। साथ ही 31.90 किमी पर उच्चदाब (HT) ट्रांसमिशन लाइन को उठाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वितरण तंत्र से संबंधित 114 स्थलों में से 105 का संयुक्त निरीक्षण पूर्ण हो चुका है, शेष स्थलों का निरीक्षण संबंधित विद्युत एजेंसी के साथ प्रगति पर है.
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी कार्य एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. जहां जलजमाव अथवा अन्य तकनीकी बाधाएं हैं, वहां अतिरिक्त मशीनरी एवं मानवबल की तैनाती कर कार्य को बाधारहित किया जाए.साथ ही, लंबित प्राक्कलन एवं स्वीकृति से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में अपर समाहर्ता श्री अनुग्रह नारायण सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री उपेंद्र पंडित, वरीय उप समाहर्ता श्री रितेश कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.










