बहराइच: सड़क किनारे पड़ी गाय की लाश को नोचते रहे कुत्ते, नाराज बजरंग दल ने किया विरोध प्रदर्शन

बहराइच: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक गाय की मौत हो गई. शव सड़क पर पड़ा रहा, जिससे नाराज बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने तेज रफ्तार वाहनों के कारण मवेशियों की मौत और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाई. बाद में थानाध्यक्ष ने जाम खुलवाने की कोशिश की.

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से फखरपुर थाने से महज करीब सौ मीटर की दूरी पर देर रात एक गाय की मौत हो गई. हादसे के बाद गाय का शव सड़क किनारे पड़ा रहा, जिसे समय पर हटाया नहीं गया. रात भर आवारा कुत्तों का झुंड शव को नोचता रहा, जिससे स्थानीय लोगों और गौ-सेवा से जुड़े संगठनों में आक्रोश फैल गया. घटना से नाराज बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता सुबह से ही एकत्र होने लगे और करीब 11 बजे फखरपुर चौराहे पर सड़क जाम कर दिया. जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क के दोनों ओर ट्रक, बस और अन्य छोटे वाहन खड़े हो गए और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन मवेशियों की मौत हो रही है और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कई घंटों से गाय का शव सड़क पर पड़ा था, लेकिन उसे हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इससे लोगों में रोष और बढ़ गया.

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक वार्ता के बाद करीब आधे घंटे में जाम खुलवा दिया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका. हालांकि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और मवेशियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग जारी रखी.

close