सीधी में डबल बवाल: गांव में मारपीट के बाद अस्पताल में युवक पर हमला, डॉक्टर कटघरे में

सीधी : जिले के ग्राम कोल्हुडीह में एक पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पहले गांव में युवक के साथ मारपीट हुई और इसके अगले ही दिन अस्पताल परिसर में भी विवाद बढ़ गया.जानकारी के अनुसार, अर्पित जोगी (19) पिता श्याम सुन्दर जोगी के साथ सोमवार दोपहर करीब 3 बजे पेट्रोल टंकी के पास मारपीट की घटना हुई.

अर्पित ने आरोप लगाया कि मनीष तिवारी और पप्पू तिवारी ने उस पर हमला किया.बताया जा रहा है कि यह विवाद करीब एक साल पहले उसके भाई मोहित जोगी के साथ हुए मामूली झगड़े को लेकर चला आ रहा था, जो अब हिंसा में बदल गया.

घटना के बाद मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अर्पित जोगी अपनी मां बट्टन जोगी के साथ कमर्जी थाना पुलिस के साथ मेडिकल परीक्षण कराने अस्पताल पहुंचा था.यहां एक नया विवाद खड़ा हो गया.अर्पित का आरोप है कि उसने डॉक्टर असलम से अपनी एमएलसी रिपोर्ट के बारे में जानकारी मांगी, जिस पर डॉक्टर ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया.विरोध करने पर डॉक्टर ने उसे थप्पड़ मारे और चाकू जैसी नुकीली वस्तु से उसके हाथ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया.

घटना के बाद अर्पित और उसकी मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.अस्पताल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय भी पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की गई.

इस पूरे घटनाक्रम पर सिविल सर्जन डॉ. एसबी खरे ने भी गंभीरता दिखाई है.उन्होंने बताया कि डॉक्टर असलम खान के खिलाफ उन्हें पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं और इस बार वे स्वयं थाने में शिकायत दर्ज कराएंगे तथा नोटिस जारी कर कार्रवाई करेंगे.

थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि युवक की शिकायत के आधार पर जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com