घर बनाने और शादी के सपने अधूरे: कर्नाटक खदान हादसे में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के धर्मेश की दर्दनाक मौत

गौरेला पेंड्रा मरवाही : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास स्थित मडापट्टना गांव की एक पत्थर खदान में हुए दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के युवक की मौत हुई है. मरवाही विकासखंड अंतर्गत पंडरी गांव निवासी 25 वर्षीय धर्मेश सिंह मार्को इस हादसे का शिकार बना है. खदान के हादसे में अब तक सात मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई मजदूरों के घायल होने की जानकारी है. घटना की सूचना मृतक के दोस्तों से परिजनों को मिलते ही पूरे पंडरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के घर पर मातम छा गया.
क्रेशर कंपनी में ड्रिलिंग का काम करता था धर्मेश
परिजनों की जानकारी के अनुसार धर्मेश सिंह मार्को पिछले करीब पांच वर्षों से कर्नाटक में मजदूरी कर रहा था.वह एक ब्लास्टिंग कंपनी के माध्यम से उदय शंकर क्रेशर परिसर में पत्थरों की ड्रिलिंग का कार्य करता था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काम के दौरान ऊपर रॉकब्रेकर मशीन से चट्टानों पर कार्य किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक भारी चट्टानें नीचे काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरीं, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए. इस हादसे में धर्मेश सहित सात अन्य मजदूरों की मौत हो गई.
परिवार की खुशियां छीनी
घटनास्थल पर मौजूद पेंड्रा क्षेत्र के अन्य मजदूरों ने मलबा हटाने के बाद कपड़ों के आधार पर धर्मेश की पहचान की और इसकी सूचना उसके परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. धर्मेश अपने गरीब परिवार का मुख्य सहारा था.वह बीते होली त्योहार के समय आखिरी बार गांव आया था.परिजनों के अनुसार उसकी इच्छा मजदूरी कर पैसे जुटाकर गांव में घर बनाने और फिर शादी करने की थी, लेकिन एक हादसे ने परिवार के सारे सपने छीन लिए.घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया.जनप्रतिनिधियों ने भी राज्य सरकार और प्रशासन से मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, पार्थिव शरीर को गांव लाने की व्यवस्था करने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.










