पुरानी रंजिश में डिलीवरी बॉय को अगवा कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

बिलासपुर में सोमवार रात 8 से 10 बदमाशों ने युवक को घेरकर रोक लिया और जबरन अपने साथ ले गए। इस दौरान आरोपियों ने युवक पर उसके दोस्त को बुलाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालांकि युवक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, मोपका स्थित मेडिकल स्टोर के पास रहने वाला दीपक चंद्रा (22) ने अपनी शिकायत में बताया कि वह ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। सोमवार की रात करीब 9 बजे वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
इसी दौरान अपोलो चौक के पास पुराने विवाद को लेकर कुनाल वर्मा उर्फ क्राइम और उसके 8-10 साथियों ने उसे रोक लिया, जिसके बाद उसे घेर कर उसके दोस्त अनुराग चंद्रा को बुलाने की बात कहते हुए उसे जबरदस्ती अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए।
दौड़ा-दौड़ाकर बेल्ट और लात-घूंसों से किया हमला
हमलावर हथियारों से लैस थे। उन्होंने दीपक के साथ गाली-गलौज की, जिसके बाद मैदान के पास ले जाकर युवकों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने बेल्ट और हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। किसी तरह उसने बदमाशों से चंगुल से भागकर अपनी जान बचाई।
अपहरण के बजाए साधारण मारपीट का केस दर्ज
युवक का आरोप है कि उसे युवकों ने अगवा किया, जिसके बाद बेरहमी से मारपीट की। जिससे उसके चेहरे, आंख, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उसकी शिकायत पर पुलिस ने पहले अपहरण का केस दर्ज करने की बात कही थी।
हालांकि, घटना की गंभीरता के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केवल साधारण मारपीट का मामला दर्ज किया है। वहीं, एफआईआर दर्ज होने के बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।











