Durg News: ई-रिक्शा का डिजिटल पंजीयन शुरू, QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी पूरी जानकारी

दुर्ग.

पुलिस द्वारा शहर में संचालित ई- रिक्शाओं के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन के उद्देश्य से जनहित आर. फाउंडेशन के सहयोग से डिजिटल ई-रिक्शा पंजीयन एवं क्यूआर कोड आधारित पहचान प्रणाली का सफल संचालन किया गया।

इस पहल के तहत जनहित आर. फाउंडेशन द्वारा विकसित विशेष डिजिटल ऐप के माध्यम से ई- रिक्शा चालकों का ऑनलाइन पंजीयन कर प्रत्येक वाहन को यूनिक क्यूआर कोड प्रदान किया गया। इससे वाहन एवं चालक की पहचान सरल होगी तथा नागरिक सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। यह पहल छत्तीसगढ़ में ई-रिक्शाओं के व्यापक डिजिटल पंजीयन की दिशा में एक अभिनव एवं अनुकरणीय कदम है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिकों को सरक्षित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।

इस परियोजना की मूल अवधारणा एवं विचार उमा शंकर व्यास द्वारा जनहित फाउंडेशन को प्रदान किया गया, जिनकी दूरदर्शी सोच से प्रेरित होकर फाउंडेशन द्वारा इस मॉडल को छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में ट्रैफिक एडिशनल एसपी कुशेन्द्र देव पटेल, जनहित आर. फाउंडेशन के अध्यक्ष ऋषभ सोनी सहित पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे डिजिटल इंडिया, स्मार्ट सिटी एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में 4 महत्वपूर्ण कदम बताया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com