वायशेप ब्रिज पर ई-रिक्शा पलटी, युवती की मौत:मां गंभीर घायल, हादसे के बाद ड्राइवर भागा, तलाश में जुटी पुलिस

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गुरुवार शाम वायशेप ब्रिज पर एक ई-रिक्शा पलट गई। इस हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। एक्सीडेंट​​​​​​​ के बाद ड्राइवर रिक्शा लेकर फरार हो गया। घटना स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र की है।

मृतिका की पहचान मालवीय नगर में रहने वाली नेहा पटनायक (18) के रूप में हुई है। जबकि मां उषा पटनायक (45) गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ड्राइवर की तलाश कर रही है।

मॉडल टाउन की ओर रहे थे मां-बेटी

दरअसल, नेहा अपनी मां के साथ मॉडल टाउन की ओर जा रही थीं। जैसे ही ई-रिक्शा ब्रिज के बटालियन रोड के पास पहुंची तो अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में नेहा रिक्शा के नीचे दब गई, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई।

ड्राइवर की तलाश जारी

घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल मदद की और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया। उसकी मां का उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद चालक फरार हो गया। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

तेज रफ्तार के कारण हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय ट्रैफिक अधिक नहीं था, लेकिन ब्रिज के मोड़ पर तेज रफ्तार और असंतुलन की वजह से रिक्शा पलटा है। जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही सुपेला, स्मृति नगर और यातायात की हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि ड्राइवर की पहचान कर पकड़ा जा सके।