बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 30 जिलों के मतदाता चुनेंगे MLC, जानें पूरा शेड्यूल

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद की आठ सीटों को लेकर भी चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है. आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी.
इन आठ सीटों पर वर्तमान विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है. इससे पहले नए सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी. चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है.
29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी और इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है.
इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा. 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और इसी दिन चुनाव परिणाम सामने आएंगे. आयोग ने पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा है.
इन 8 सीटों पर होगा चुनाव
विधान परिषद की जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं. वहीं वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की सीटों पर चुनाव होगा.
आयोग के अनुसार आठों सीटों के वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर में समाप्त होने वाला है. इससे पहले नई चुनाव प्रक्रिया पूरी कराकर नए सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है.इन आठ सीटों पर वर्तमान में अलग-अलग राजनीतिक दलों और निर्दलीय सदस्यों का प्रतिनिधित्व है.
मौजूदा MLC कौन-कौन?
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
पटना शिक्षक- प्रो. नवल किशोर यादव (बीजेपी)
दरभंगा शिक्षक- डॉ. मदन मोहन झा (कांग्रेस)
सारण शिक्षक- आफाक अहमद (निर्दलीय)
तिरहुत शिक्षक- संजय कुमार सिंह (भाकपा)
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
पटना स्नातक- नीरज कुमार (जदयू)
दरभंगा स्नातक- सर्वेश कुमार (निर्दलीय)
कोसी स्नातक- डॉ. एनके यादव (बीजेपी)
तिरहुत स्नातक- बंशीधर ब्रजवासी (निर्दलीय)
30 जिलों के मतदाता चुनेंगे 8 विधान पार्षद
विधान परिषद की इन आठ सीटों का चुनाव सामान्य विधानसभा चुनाव से अलग होता है. इन निर्वाचन क्षेत्रों में वही मतदाता मतदान करते हैं जो संबंधित स्नातक या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकृत हैं. इन आठ निर्वाचन क्षेत्रों का चुनावी दायरा बिहार के करीब 30 जिलों तक फैला हुआ है. इन क्षेत्रों में लगभग 150 विधानसभा क्षेत्र आते हैं. यानी सीटों की संख्या भले ही आठ है, लेकिन इनका भौगोलिक और मतदाता क्षेत्र काफी बड़ा है.
कोसी स्नातक सीट का सबसे बड़ा चुनावी दायरा
इनमें कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का दायरा खास तौर पर बड़ा है. इस निर्वाचन क्षेत्र में 14 जिले शामिल हैं. इनमें सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, शेखपुरा, भागलपुर और बांका शामिल हैं.
इस वजह से कोसी स्नातक सीट का चुनावी क्षेत्र बिहार के सबसे व्यापक निर्वाचन क्षेत्रों में शामिल है.
चुनाव कार्यक्रम के साथ बढ़ी राजनीतिक हलचल
आठ विधान परिषद सीटों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. इन सीटों पर शिक्षक और स्नातक मतदाता सीधे तौर पर उम्मीदवारों के चुनाव में भूमिका निभाते हैं, इसलिए राजनीतिक दलों के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सक्रियता भी महत्वपूर्ण रहती है.
विधान परिषद की इन सीटों पर पहले से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और विभिन्न दल अपने-अपने उम्मीदवारों की तैयारी में जुटे हुए हैं. अब 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके बाद नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद 23 अक्टूबर को मतदान होगा.27 अक्टूबर को मतगणना के साथ आठों सीटों के नए प्रतिनिधियों की तस्वीर साफ हो जाएगी.











