यूरोपीय देशों का भारत को सलाम, कौन हैं वो V4 मुल्क जिन्होंने UNSC में स्थायी सीट के लिए उठाई आवाज

संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान भारत के विदेश मंत्री की विसेग्राड समूह (वी4) के साथ पहली बैठक हुई. इस बैठक में पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और चेक गणराज्य ने भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य बनाने का समर्थन किया. बैठक के बाद स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने कहा कि ये चारों देश भारत की इस मांग पर एकजुट हैं.
उन्होंने बताया कि वी4 देश मानते हैं कि भारत ग्लोबल साउथ का हिस्सा है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक उभरती महाशक्ति है. इसलिए भारत को सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनाया जाना चाहिए. यह बयान संयुक्त राष्ट्र के सर्वोच्च निर्णय लेने वाले निकाय में भारत की बड़ी भूमिका की मांग को लेकर चार मध्य यूरोपीय देशों के स्पष्ट समर्थन को दर्शाता है.
जयशंकर ने इसे बताया ऐतिहासिक मौका
विदेश मंत्री जयशंकर ने भारत और वी4 देशों के विदेश मंत्रियों की पहली बैठक को एक नया ऐतिहासिक मौका बताया. उन्होंने कहा कि भारत और वी4 देश तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में और ज्यादा सहयोग के तरीके तलाशेंगे. साथ ही मौजूदा रक्षा संबंधों को भी और मजबूत करेंगे. उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में सभी वी4 देशों के साथ हमारा बहुत मजबूत पुराना रिश्ता रहा है. हम उस पुराने सहयोग को दोबारा जीवित करना और आगे बढ़ाना चाहते हैं.
We all agree as V4 countries that India as a part of the Global South, upcoming superpower in the Indo-Pacific region, must be at the table as the permanent member of the UN Security Council
– Foreign Minister Juraj Blanár of Slovakia after the first V4 + India FMM #UNGA81 pic.twitter.com/QwFsjlXWYC
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) September 21, 2026
V4 देशों के मंत्रियों के बीच इन मुद्दों पर चर्चा
चारों देशों के विदेश मंत्रियों ने राजनीति, अर्थव्यवस्था, तकनीक, रक्षा और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई. उन्होंने हर साल विदेश मंत्रियों की बैठकें करने और एक वार्षिक व्यापार मंच बनाने का भी फैसला किया.
बैठक में यूक्रेन युद्ध और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई. जयशंकर ने यह भी कहा कि भारत और वी4 देश रक्षा सहयोग को फिर से मजबूत करेंगे और बहुपक्षवाद का समर्थन करने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे.











