Exclusive: आज विराट कोहली, कल वैभव सूर्यवंशी… जल्द बनेंगे RCB के नए पोस्टर बॉय!


वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं. वैभव सूर्यवंशी वर्ल्ड क्रिकेट का भविष्य हैं. मगर IPL खुद वैभव का भविष्य किस टीम में है? राजस्थान रॉयल्स में ही वैभव अपने क्रिकेट को आगे बढ़ाएंगे? जिस टीम ने उन्हें पहचान दिलाई, उसमें ही वो अपने सफर को आगे बढ़ाएंगे? ये सवाल फिलहाल थोड़ा जल्दी लगता है लेकिन इतना जल्दी भी नहीं है क्योंकि सिर्फ एक साल में ही इस युवा बल्लेबाज ने अपनी छाप दुनियाभर के क्रिकेट पर छोड़ दी है. ऐसे में IPL की बाकी 9 टीम भी उन्हें अपना बनाने का कोई मौका नहीं गंवाना चाहेंगी. ऐसे में क्या वो विराट कोहली के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के अगले ‘पोस्टर बॉय’ हो सकते हैं?
कम से कम वैभव सूर्यवंशी के बचपन के कोच मनीष ओझा का तो यही मानना है और उन्हें लगता है कि 15 साल के स्टार बल्लेबाज की IPL में अगली मंजिल मौजूदा चैंपियन बेंगलुरु हो सकती है. TV9 के साथ एक एक्सक्लूसिव बातचीत में कोच मनीष ओझा ने कहा कि IPL का अगला मेगा ऑक्शन जब भी होगा, तब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु उनके सुपरस्टार शिष्य के लिए अपना सबकुछ झोंक सकती है. खास तौर पर विराट कोहली के कारण फ्रेंचाइजी की ब्रांड वैल्यू को आगे भी बरकरार रखने के लिए ऐसा किया जा सकता है.
‘RCB में है वैभव सूर्यवंशी का भविष्य’
बिहार की राजधानी पटना में ‘जेनेक्स’ एकेडमी चलाने वाले मनीष ओझा के पास ही वैभव ने क्रिकेट का ‘क,ख,ग…’ सीखा. ऐसे में वो वैभव के बारे में काफी कुछ जानते हैं और ये भी समझते हैं कि इस सितारे को अपने साथ शामिल करने के लिए हर टीम बेकरार होगी. राजस्थान और बेंगलुरु के मैच से पहले टीवी9 के इंटरव्यू में ओझा ने कहा, “(वैभव) अपनी भविष्य की टीम के खिलाफ खेलेगा. भविष्य में विराट कोहली जाएंगे तो उन्हें (RCB को) भी कोई नया रोल मॉडल चाहिए होगा.”
ओझा ने 2028 सीजन से पहले होने वाले मेगा ऑक्शन का हवाला देते हुए कहा कि वहां RCB उन पर दांव लगा सकती है. उन्होंने कहा, “अगले साल (2027 के अंत में) मेगा ऑक्शन है. ब्रांड एम्बेसेडर हर टीम को चाहिए. राजस्थान रॉयल्स में जब तक वैभव और यशस्वी खेलते हैं, तब तक देखते हैं और फिर टीवी बंद कर देते हैं. चेन्नई में धोनी के बाद कौन देखना पसंद करता है. हो सकता है कि RCB वैभव को खरीदने के लिए पूरा जोर लगा देगी.”
क्या वाकई में बदल जाएगी वैभव की टीम?
तो क्या वाकई में वैभव की अगली टीम RCB होगी? अगर ऑक्शन के तौर-तरीके को समझें और राजस्थान रॉयल्स के वैभव को तैयार करने में योगदान को समझें तो इसकी संभावना फिलहाल नहीं है. असल में हर मेगा ऑक्शन से पहले सभी टीम को 4-5 खिलाड़ियों को रिटेन करने का विकल्प रहता है. ऐसे में राजस्थान रॉयल्स किसी भी हाल में वैभव को रिलीज नहीं करेगी. अब अगर वैभव खुद को रिलीज करने की रिक्वेस्ट करते हैं तो कहानी अलग हो सकती है. इसकी संभावना जरूर है कि वैभव को रिटेन करने के लिए रॉयल्स को 10-12 करोड़ तक खर्च करने पड़ें लेकिन उनकी फिलहाल टीम से बाहर जाने की संभावना नहीं है.











