फतेहपुर: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दोस्तों की मौत, गांव में पसरा मातम

फतेहपुर: फतेहपुर जनपद के धाता थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल (यूपी 71 बीएफ 9967) से तीन युवक चित्रकूट की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नरसिंहपुर कबरहा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार अनुज सिंह (18) पुत्र राम सुमेर निवासी जमोती का डेरा मटिहा थाना असोथर और जय सिंह (22) निवासी जयचंद्रपुर हंसवा थाना थरियाव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार (19) पुत्र जुगराज निवासी जमोती का डेरा मटिहा थाना असोथर को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.

सूचना मिलते ही धाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि हादसा अज्ञात ट्रक की टक्कर से हुआ है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक आपस में अच्छे मित्र थे और किसी कार्य से चित्रकूट जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल बनकर आए ट्रक ने उनकी जिंदगी छीन ली.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close