फौजी ढाबा लूटकांड का खुलासा: स्कॉर्पियो सवार चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद

इटावा : तीन दिन पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फौजी ढाबे पर हुई लूट और मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.पुलिस ने मामले की जांच करते हुए बीती रात जोनई के समीप से स्कॉर्पियो सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 16 हजार रुपये नगद, एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन, एक कुल्हाड़ी, .315 बोर के सात जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है.हालांकि वारदात में इस्तेमाल की गई रायफल अभी तक बरामद नहीं हो सकी है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फौजी ढाबे पर आरोपियों ने पहुंचकर मारपीट करते हुए लूटपाट की थी.घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी.
पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जोनई के पास से स्कॉर्पियो में सवार चारों आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और लूटी गई अन्य वस्तुओं की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.











