रेलवे अफसर पर महिला क्लर्क ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, GM से की लिखित शिकायत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर कौशिक मित्रा पर एक महिला कमर्शियल क्लर्क ने यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने रेलवे के महाप्रबंधक (GM) को 12 बिंदुओं में विस्तृत शिकायत सौंपी है, जिसमें उसने पूरे घटनाक्रम का उल्लेख किया है।
शिकायत में महिला ने बताया कि अधिकारी लंबे समय से वॉट्सऐप चैट के ज़रिए उसे परेशान कर रहा था। वह बार-बार महिला से जिम की सेल्फी भेजने की मांग करता, उसके बॉयफ्रेंड के बारे में निजी सवाल पूछता और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करता था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि चैट में कई बार वह “कहां कंफर्टेबल होकर मिल सकते हैं” जैसी अनुचित बातें करता था।
पीड़िता ने इन सभी संदेशों के स्क्रीनशॉट सबूत के रूप में GM को सौंपे हैं। इसके बाद जोनल स्तर पर जांच समिति का गठन किया गया, लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। महिला कर्मचारी का आरोप है कि विभाग के कुछ अधिकारी जानबूझकर इस मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं और फाइल को आगे नहीं बढ़ा रहे।
मामले के संज्ञान में आने के बाद रेलवे प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि अब तक इस शिकायत पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। सूत्रों के मुताबिक, महिला क्लर्क ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और मांग की है कि आरोपी अधिकारी को तत्काल पद से हटाया जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।
रेलवे कर्मचारियों के संगठनों ने भी इस प्रकरण में पारदर्शी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी अफसर पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए ताकि विभाग में काम कर रही अन्य महिला कर्मचारियों को न्याय और सुरक्षा का भरोसा मिल सके।










