कवर्धा में दो फर्जी मतदाताओं पर दर्ज हुई FIR, बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया चुनावी साजिश का आरोप

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दो फर्जी मतदाताओं के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह पूरी साजिश कांग्रेस के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर के इशारे पर की गई थी।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने बाहरी लोगों को कवर्धा की मतदाता सूची में गलत तरीके से शामिल कराया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मोहम्मद अकबर ने अपने ही कार्यकर्ताओं पर भरोसा न करते हुए बाहरी लोगों के नाम जोड़वाए, ताकि वे मतदान के दिन निर्वाचन क्षेत्र में रह सकें और चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकें।
भाजयुमो कार्यकर्ता रवि राजपूत की जांच के बाद दो फर्जी मतदाताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें तैय्यब खान और रमिज कुट्टी शामिल हैं। कैलाश चंद्रवंशी के अनुसार, तैय्यब खान का नाम पहले से रायपुर उत्तर विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन उन्होंने फॉर्म-06 भरकर कवर्धा में नया नाम जुड़वा लिया। वहीं रमिज कुट्टी ने भी रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में पहले से मतदाता होने के बावजूद कवर्धा विधानसभा की सूची में गलत शपथ देकर नाम जोड़ा।
भाजपा नेताओं का कहना है कि दोनों आरोपियों ने फर्जी जन्म वर्ष, पते और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाया। कैलाश चंद्रवंशी ने बताया कि दोनों ने मोहम्मद अकबर के करीबी कलीम खान के पते का उपयोग किया और निर्वाचन प्रक्रिया में गंभीर कूट रचना की।
भाजपा जिला महामंत्री संतोष पटेल ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला केवल दो लोगों का नहीं है, बल्कि सैकड़ों ऐसे फर्जी मतदाताओं की सूची उनके पास है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।
इस मामले में 10 अक्टूबर 2025 को भारतीय दंड संहिता की धारा 199, 200, 419, 468 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि फर्जी मतदाताओं की पहचान कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।











