राजीव गांधी की प्रतिमा के सामने दुकानों का निर्माण, पूर्व जनपद अध्यक्ष ने जताया विरोध — कहा “महापुरुषों के सामने श्रद्धा होनी चाहिए, शटर नहीं”

बेमेतरा जिले के नवागढ़ जनपद पंचायत परिसर में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा के सामने दुकानों का निर्माण शुरू होते ही विवाद खड़ा हो गया है। निर्माण कार्य को लेकर पूर्व जनपद अध्यक्ष अंजली सतीश मार्कण्डेय ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने श्रद्धा और सम्मान होना चाहिए, न कि ईंट और शटरों की दीवारें।
अंजली मार्कण्डेय ने आरोप लगाया कि प्रतिमा के सामने दीवार खड़ी कर प्रशासन न केवल सौंदर्य बिगाड़ रहा है, बल्कि राजीव गांधी के आदर्शों को भी ढंकने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राजीव गांधी ने देश को कंप्यूटर दिए थे, लेकिन आज उनके सामने दुकानें खड़ी की जा रही हैं।”
पूर्व अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2023 में जब प्रतिमा और उसके आसपास गार्डन का सौंदर्यीकरण कराया गया था, तब इसका उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना था। लेकिन अब उसी स्थान पर पक्के निर्माण और दीवारें खड़ी कर दी गई हैं, जिससे प्रतिमा की झलक तक मुश्किल से दिखाई देती है।
अंजली मार्कण्डेय ने जिला कलेक्टर से निर्माण कार्य को तुरंत रोकने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन यदि इस पर रोक नहीं लगाता तो यह महापुरुषों के सम्मान के साथ मजाक होगा, और इसके लिए जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पत्र के साथ भेजी गई तस्वीरों में स्पष्ट दिख रहा है कि प्रतिमा के सामने दीवार और निर्माण सामग्री जमा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब श्रद्धांजलि देने के लिए पहले दुकानों की छाया से होकर जाना पड़ेगा।
पूर्व जनपद अध्यक्ष ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर इस निर्माण कार्य को नहीं रोका गया तो विरोध और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा, “महापुरुषों की मूर्तियों के सामने दीवारें नहीं, सम्मान की भावना होनी चाहिए।”











