इजरायल-ईरान तनाव से सोना 1.67 लाख के पार, चांदी में 25,500 रुपये प्रति किलो की छलांग

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते भूराजनैतिक तनाव के बीच शनिवार को सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। इजरायल द्वारा ईरान पर एयर स्ट्राइक और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई से वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ी है, जिसका सीधा असर कीमती धातुओं की कीमतों पर दिखाई दिया।
बीते 24 घंटे में चांदी की कीमतों में 25,500 रुपये प्रति किलो की तेजी आई। वहीं सोना 87,000 रुपये प्रति दस ग्राम उछलकर 1,67,000 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती अनिश्चितता के कारण निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चांदी की ओर रुख किया है, जिससे मांग में तेज बढ़ोतरी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 5,278 डॉलर प्रति औंस और चांदी 9,370 डॉलर प्रति सेंट के आसपास कारोबार करती रही। वायदा बाजार शनिवार होने के कारण बंद रहा, लेकिन सोमवार को बाजार खुलते ही भारी उतार-चढ़ाव की संभावना जताई जा रही है।
सर्राफा बाजार के बंद भाव के अनुसार, सोना केडबरी नकद 1,67,000 रुपये, सोना आरटीजीएस 1,69,000 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) और 22 कैरेट सोना 1,54,500 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) दर्ज किया गया। शुक्रवार को सोना 1,58,300 रुपये पर बंद हुआ था।
चांदी चौरसा 2,88,000 रुपये, चांदी आरटीजीएस 2,95,000 रुपये, चांदी टंच 2,89,000 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 3,000 रुपये प्रति नग बिका। शुक्रवार को चांदी 2,62,500 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कीमती धातुओं में तेजी का रुख आगे भी जारी रह सकता है। साथ ही शेयर बाजार और अन्य धातुओं में भी अस्थिरता बढ़ने की आशंका है।










