ग्वालियर: रसोई में दाल बनाने के लिए उबल रहा था पानी, गुस्से में पत्नी ने पति पर फेंका, झुलस गया प्राइवेट पार्ट; वजह क्या?

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां डबरा क्षेत्र में एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने पति के प्राइवेट पार्ट और पैरों पर खौलता हुआ पानी फेंक दिया. इस घटना में पति गंभीर रूप से झुलस गया. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना डबरा के पिछोर तिराहा इलाके की बताई जा रही है.
भूपेंद्र कुशवाहा की शादी करीब 14 साल पहले केशकली कुशवाहा से हुई थी. शादी के इतने साल बाद भी दोनों के कोई संतान नहीं हुई थी, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर तनाव रहता था. पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी ने विवाद के दौरान यह कदम उठाया. वहीं दूसरी ओर महिला पक्ष का कहना है कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि लंबे समय से चल रही घरेलू प्रताड़ना और विवाद का नतीजा है.
भूपेंद्र को शराब पीने की आदत थी
बताया जा रहा है कि भूपेंद्र को शराब पीने की आदत थी. आरोप है कि वह शराब के नशे में आए दिन पत्नी से विवाद करता था और उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज भी करता था. संतान न होने की वजह से भी दोनों के बीच तनाव बना रहता था. लगातार परेशानियों के कारण पति-पत्नी के रिश्तों में काफी समय से कड़वाहट चल रही थी.
घटना 27 जून की देर शाम की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, उस रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. कहासुनी धीरे-धीरे बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. इसी दौरान रसोई में दाल बनाने के लिए गैस पर पानी उबल रहा था.
आरोप है कि गुस्से में केशकली ने रसोई से खौलता हुआ पानी उठाया और पति के ऊपर फेंक दिया. गर्म पानी की चपेट में आने से भूपेंद्र के गुप्तांग और पैर बुरी तरह झुलस गए. वह दर्द से चिल्लाने लगा, जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई. सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल भूपेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है.
पति ने लगाए गंभीर आरोप
भूपेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के बाद पत्नी अपने मायके वालों के साथ घर से चली गई और जाते समय घर में रखे जेवरात और नकदी भी ले गई. उसने पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वहीं महिला पक्ष का कहना है कि पति की शराब की लत और लगातार होने वाली कथित मारपीट से परेशान होकर यह स्थिति बनी. पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.











