हार्दिक पंड्या हुए अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे से बाहर, फिटनेस में पास होने के बाद अब हुआ ये

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. हार्दिक के वनडे सीरीज से बाहर होने की खबर उनके फिटनेस टेस्ट में पास होने के एक दिन बाद आई है. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक पंड्या के पैरों में मोच आ गई है, जिसके चलते उन्हें वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ा है. पैरों में मोच के चलते हार्दिक को अगले 2हफ्ते और बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ही बिताने पड़ सकते हैं.

हार्दिक के पैरों में मोच, AFG के खिलाफ वनडे से बाहर
भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज 13 जून से शुरू हो रही है. पहला वनडे धर्मशाला में खेला जाना है, जिसके लिए हार्दिक पंड्या को 11 जून को टीम इंडिया को जॉइन करना था. लेकिन, पैरों की मोच ने टीम इंडिया से जुड़ने के उनके इंतजार को अब और बढ़ा दिया है. BCCI के अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को इस बारे में जानकारी दी है. अखबार ने BCCI अधिकारी के हवाले से पंड्या की इंजरी के बारे में बताया कि उन्हें लो ग्रेड इंजरी है. पंड्या के पैरों के बीच में मोच है. हालांकि, ये इंजरी लंबी नहीं खिचेगी. मोच बस और ना बढ़ जाए इसलिए मेडिकल स्टाफ ने उन्हें अगले कुछ दिन और आराम की सलाह दी है.

14 महीने बाद होने वाली थी वापसी, बढ़ा इंतजार

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से हार्दिक पंड्या 14 महीने बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करने वाले थे. मगर अब उन्हेें थोड़ा और इंतजार करना होगा. पंड्या के वनडे टीम से बाहर होने के बाद ये भी देखना दिलचस्प होगा कि BCCI उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा करती है या नहीं.

13 जून को पहला वनडे खेलने के बाद भारत और अफगानिस्तान की टीम दूसरे वनडे के लिए लखनऊ जाएंगी. वहां 17 जून को मुकाबला होगा. वहीं 20 जून को तीसरे और फाइनल मुकाबले में भारत-अफगानिस्तान चेन्नई में भिड़ेंगे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com