वंदे भारत एक्सप्रेस में 22.57 लाख रूपए की हाईप्रोफाइल चोरी; नागपुर GRP ने दबोची रामेश्वरी टोली की महिला चोर

ट्रेन 26102 अजनी-पुणे वंदे भारत में 10 जून को पुणे निवासी वृद्ध यात्री के पर्स से 22।57 लाख रुपये के गहने चोरी के मामले में नागपुर लोहमार्ग पुलिस ने एक महिला आरोपी को अरेस्ट किया। हालांकि गैंग की अन्य 2 महिला चोर अब भी जीआरपी की पकड़ से दूर हैं। इस वारदात में महिला चोरों की रामेश्वरी टोली शामिल है।
गिरफ्तार महिला आरोपी का नाम पूजा अर्जुन उफाड़े (25) बताई गई। उसके पास से चोरी का करीब एक तिहाई माल यानी 7।06 लाख का माल बरामद कर लिया गया। मामले में मुस्कान और सुरेखा नाम की महिला आरोपियों की तलाश जारी है।
क्या है मामला?
ज्ञात हो कि 10 जून 2026 को पुणे निवासी 61 वर्षीय अंजलि अजय मुखीवलकर उक्त वंदे भारत एक्सप्रेस में अजनी स्टेशन से सवार होकर पुणे जा रही थीं। वे अजनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 3 पर ट्रेन में चढ़ने की तैयारी कर रही थीं।
CCTV से मिला सुराग
नागपुर जीआरपी थाना के प्रभारी अधिकारी पुलिस निरीक्षक गौरव गावंडे ने स्वयं जांच अपने हाथ में ली। इस दौरान अजनी रेलवे स्टेशन और शहर के विभिन्न क्षेत्रों के करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
फुटेज में एक संदिग्ध महिला पर्स चोरी कर स्टेशन से बाहर जाती हुई दिखाई दी। उसकी पहचान पूजा के तौर पर हुई। पता चला कि वह रामेश्वरी टोली ही रहने वाली है और महिला चोर गैंग की सदस्य है। इसके बाद अजनी पुलिस की मदद से पूजा को हिरासत में लिया गया।
चोरी के बाद बांट लिया माल, 6 दिन का PCR
प्राथमिक पूछताछ में ही पूजा ने उक्त चोरी की कबूली दी। कोर्ट में पेश करने के बाद जीआरपी को कड़ी पुछताछ के लिए 6 दिन का पीसीआर मिला। इस दौरान पूजा ने बताया कि इस वारदात में मुस्कान और सुरेखा नाम की अन्य महिला चोर भी उसके साथ थी। सूत्रों के अनुसार, चौरी के बाद तीनों ने तुरंत की माल का हिस्सा अलग-अलग कर लिया। पूजा की निशानदेही पर जीआरपी ने 7,06, 744 रुपये का माल बरामद किया।
पति समेत अन्य 2 की तलाश तेज
इसके बाद जीआरपी ने मुस्कान और सुरेखा की तलाश शुरू कर दी। सूत्रों की मानें तो पूजा की गिरफ्तारी के बाद रामेश्वरी टोली की ही 2 बहनों से भी पूछताछ की गई थी लेकिन उनसे कोई जानकारी नहीं मिली।
जीआरपी को संदेह है कि मामले में पूजा के पति अर्जुन की भी भूमिका संदिग्ध है क्योंकि धरपकड़ के बाद से वह फरार है। उक्त कार्रवाई जीआरपी पुलिस अधीक्षक मंगेश शिंदे व उपविभागीय पुलिस अधिकारी सोनवणे के निर्देशन में पीआई गावंडे, पीएसआई मिश्रा, भोयर, घोडे, येडेकर आदि द्वारा पूरी की गई।











