किसानों को ‘होली बोनस’: विष्णु देव साय सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की अंतर राशि खातों में भेजी

बलरामपुर: जिले के किसानों के लिए होली से पहले बड़ी सौगात सामने आई है. राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत धान खरीदी की अंतर राशि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर कर दी गई है. राशि सीधे खाते में पहुंचने से किसानों में उत्साह का माहौल है और इसे “होली बोनस” के रूप में देखा जा रहा है.

विकासखंड वाड्रफनगर के बीरेंद्रनगर में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को योजना का लाभ मिलने की जानकारी दी गई. इस अवसर पर प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते उपस्थित रहीं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और धान की अंतर राशि का भुगतान इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में किसान हितैषी नीतियों को प्राथमिकता दी जा रही है. सरकार का लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और कृषि क्षेत्र को मजबूत करना है, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल सके.

किसानों ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया. उनका कहना है कि समय पर भुगतान मिलने से खेती-किसानी के कार्यों में सुविधा होगी और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी. किसानों ने कहा कि योजनाओं के प्रभाव से गांव की तस्वीर बदल रही है और कृषि क्षेत्र में विश्वास बढ़ा है. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.

close