दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, BMW डिवाइडर से टकराई, 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत

राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान वल्लभ माहेश्वरी के रूप में हुई है, जो कई कंपनियों में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। यह हादसा रैणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 136.8 के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक वल्लभ माहेश्वरी अपनी बीएमडब्ल्यू कार से जयपुर से मथुरा गिरिराज जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए बीच के डिवाइडर में घुस गई। इसके बाद कार आगे बढ़ते हुए पुलिया की दीवार से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार चला रहे ड्राइवर को मामूली खरोंच भी नहीं आई, जबकि वल्लभ माहेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वल्लभ माहेश्वरी तथा ड्राइवर को तुरंत पिनान अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि वल्लभ माहेश्वरी कई कंपनियों में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद उनके शव को एंबुलेंस के जरिए जयपुर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











