प्रतापपुर में भीषण सड़क हादसा: बस से टक्कर के बाद बाइक सवार दामोदर के हाथ-पैर टूटे, हालत गंभीर

सूरजपुर: प्रतापपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक गंभीर सड़क दुर्घटना में ग्राम बदोली निवासी दामोदर (पिता–चांदी), उम्र लगभग 55 वर्ष, बुरी तरह घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, वे अपनी बाइक (क्रमांक CG 30 F 2610) से जा रहे थे, तभी उनकी बाइक की टक्कर एक यात्री बस से हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दामोदर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटिल हो गए.

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को उठाया और उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना में दामोदर का दायां हाथ और दायां पैर फ्रैक्चर हो गया है. प्राथमिक उपचार के बाद उनका एक्स-रे किया गया, जिसमें दोनों अंगों के टूटने की पुष्टि हुई. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और स्थिति स्थिर बताई जा रही है.


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हुई, जिससे घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर चिंता जताई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त यातायात नियंत्रण और नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

close