35 की उम्र के बाद प्रेगनेंट होना कितना सेफ? एक्सपर्ट से जानें जरूरी बातें

आज के समय में करियर और कई दूसरी जिम्मेदारियों के चलते महिलाएं 30 की उम्र के बाद प्रेगनेंसी का फैसला लेने लगी हैं. कई रिसर्च में सामने आया है कि 30 की उम्र से पहले प्रेगनेंसी कंसीव करना बेस्ट रहता है. थोड़ी मुश्किलें तब बढ़ जाती हैं जब 35 की उम्रे के बाद ये फैसला लिया जाए. महिलाओं के मन में कई सवाल आते हैं कि 35 की उम्र के बाद प्रेगनेंसी कंसीव करना सेफ है? क्या ऐसा करना मां और बच्चे के लिए सेफ है? एक्सपर्ट्स कहते हैं कि इस उम्र में बेबी प्लानिंग कर रही हैं तो पहले हेल्थ चेकअप कराना बेहद जरूरी है.दरअसल, 35 की उम्र में भी प्रेगनेंसी कंसीव की जा सकती है लेकिन इसे एडवांस मैटरनल एज पुकारा जाता है.

इस उम्र में प्रेगनेंट होने के बाद कई हेल्थ प्रॉब्लम्स का रिस्क बढ़ जाता है जिसमें हाई बीपी, डायबिटीज, प्रीमेच्योर डिलीवरी और मिसकैरेज का होना शामिल है. चलिए आपको एक्सपर्ट के जरिए बताते हैं कि ऐसा करना सेफ है या नहीं? साथ ही किन बातों का खास ध्यान रखना चाहिए.

क्या कहती हैं एक्सपर्ट

डॉ. प्रज्ञा कंसल (कंसलटेंट प्रेगनेंसी स्पेशलिस्ट और गायनेकोलॉजिस्ट, कैलाश दीपक हॉस्पिटल) के मुताबिक बहुत महिलाओं के मन में ये सवाल रहता है कि 35 साल के बाद प्रेगनेंसी प्लान करना सेफ है या नहीं? एक्सपर्ट के मुताबिक हां, ये बिल्कुल सेफ हो सकती है. आज भी इस उम्र में बहुत सी महिलाओं की प्रेगनेंसी बिल्कुल अच्छी रहती है और वे हेल्दी बच्चे को जन्म देती हैं. बस 35 साल के बाद हम प्रेगनेंसी को थोड़ा ज्यादा ध्यान से मॉनिटर करते हैं. इसका मतलब ये नहीं है कि कोई दिक्कत ज़रूर होगी, बल्कि सिर्फ इतना कि मां और बच्चे, दोनों का थोड़ा ज्यादा ध्यान रखा जाता है.

एक बात आपको पता होनी चाहिए कि उम्र बढ़ने के साथ प्रेग्नेंट होने की संभावना धीरे धीरे कम होने लगती है. इसलिए कई बार प्रेग्नेंसी होने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है. इसके अलावा प्रेग्नेंसी के दौरान हाई बीपी या शुगर होने का रिस्क भी थोड़ा बढ़ जाता है. मिसकैरेज, समय से पहले डिलीवरी या बच्चे में कुछ जेनेटिक दिक्कतों का खतरा भी पहले के मुकाबले थोड़ा ज्यादा हो सकता है.

हेल्थ चेकअप है सबसे जरूरी

इसी वजह से मैं हमेशा कहती हूं कि प्रेग्नेंसी की पहले से प्लानिंग करें. जब भी आप बेबी प्लान करने का सोचें, उससे पहले एक बार अपने डॉक्टर से मिलकर प्री प्रेग्नेंसी चेकअप ज़रूर करवा लें. इसमें आपकी ओवरऑल हेल्थ, जो दवाइयां आप ले रही हैं, आपके वैक्सीन और अगर आपको शुगर या थायराइड जैसी कोई दिक्कत है, तो उसे भी चेक किया जाता है ताकि सब पहले से कंट्रोल में रहे.

ये दवा लेना न भूलें

साथ ही, प्रेग्नेंसी की कोशिश शुरू करने से पहले ही फोलिक एसिड लेना शुरू कर दें. इससे बच्चे में जन्म से जुड़ी कुछ समस्याओं का खतरा कम हो जाता है. हेल्दी खाना खाइए, रोज़ थोड़ा एक्टिव रहिए, अपना वजन सही रखिए और सिगरेट या शराब से पूरी तरह दूर रहिए.

अगर सही प्लानिंग की जाए, समय समय पर डॉक्टर से चेकअप करवाया जाए और उनकी सलाह मानी जाए, तो 35 साल के बाद भी ज्यादातर महिलाओं की प्रेगनेंसी सुरक्षित रहती है और वे एक हेल्दी बच्चे को जन्म देती हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com