‘मेरी बेटी दोषी है तो उसे फांसी दो, पर हमें क्यों…’, केतन हत्याकांड पर भावुक हुए सिया के पिता, कही ये बात

महाराष्ट्र के पुणे से सामने आए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की आंच अब आरोपियों के परिवारों तक पहुंचने लगी है. मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल के व्यापारिक प्रतिष्ठान पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की है. इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद आरोपी के पिता बेहद भावुक हो गए और उन्होंने पूरी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उनकी बेटी दोषी है तो उसे फांसी दे दी जाए, लेकिन उनके निर्दोष परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित न किया जाए.

वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारी तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के पुणे जोन-1 ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. अधिकारियों ने 14 जुलाई को पुणे के मार्केट यार्ड स्थित मेसर्स बीजी गोयल एंड कंपनी पर छापा मारा, जो सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल का व्यावसायिक प्रतिष्ठान है. इस छापेमारी के दौरान टीम ने 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की है, जिसकी कुल बाजार कीमत करीब 8.14 लाख रुपये आंकी गई है. विभाग ने नियमों के उल्लंघन के संदेह में हल्दी पाउडर, तिल और सोया मिनी चंक्स समेत चार खाद्य उत्पादों के नमूने लैब टेस्टिंग के लिए भेजे हैं.FDA के मुताबिक, यह कार्रवाई बिना लाइसेंस के गोदाम संचालित करने, लेबलिंग नियमों के कथित उल्लंघन और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में संदेह के चलते की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस छापेमारी का केतन अग्रवाल मर्डर केस से कोई सीधा संबंध नहीं है, यह एक नियमित खाद्य सुरक्षा प्रक्रिया है.

पिता प्रवीण गोयल का छलका दर्द- पूरा परिवार मानसिक तनाव में है

इस कार्रवाई के बाद दुकान बंद होने पर आरोपी सिया के पिता प्रवीण गोयल ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी. प्रवीण गोयल ने स्पष्ट किया कि उनकी दुकान को प्रशासन द्वारा सील नहीं किया गया है, बल्कि लाइसेंस की एक प्रक्रिया लंबित होने के कारण उन्हें 8 से 10 दिनों तक काम बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिसका वे पालन कर रहे हैं. भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “मैं कानून और न्यायपालिका का पूरा सम्मान करता हूं और जांच में सहयोग कर रहा हूं. यदि मेरी बेटी ने अपराध किया है और वह दोषी साबित होती है, तो उसे फांसी पर लटका दिया जाए. लेकिन उसकी सजा मेरे बेटे साहिल, पत्नी और मुझे क्यों दी जा रही है? हमें बार-बार निशाना बनाए जाने से हमारा पूरा परिवार लंबे समय से भारी मानसिक तनाव से गुजर रहा है.”

शादी का सच तलाशने राजस्थान पहुंची पुणे पुलिस

केतन अग्रवाल हत्याकांड की परतें खोलने में जुटी पुणे ग्रामीण पुलिस की एक विशेष टीम अब राजस्थान पहुंच गई है. पुलिस की टीम राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी द्वारा कुछ महीने पहले गुपचुप तरीके से शादी किए जाने की चर्चा थी. पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और वहां के रिकॉर्ड की जांच की, लेकिन दोनों की शादी से जुड़ा कोई भी साक्ष्य या फुटेज हाथ नहीं लगा है. गौरतलब है कि मृतक मंगेतर केतन और आरोपी सिया की शादी इसी साल नवंबर में होनी तय हुई थी.

क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?

यह सनसनीखेज मामला जून महीने का है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया था. आरोप है कि 20 वर्षीय सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने बीती 18 जून को पुणे जिले के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले पर ट्रैकिंग के बहाने मंगेतर केतन अग्रवाल (25) को बुलाया. वहां मौका पाकर दोनों ने केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल दोनों मुख्य आरोपी पुणे की येरवडा सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com