प्रियदर्शन नहीं, तो कौन डायरेक्ट करेगा ‘मालामाल वीकली 2’? पर यहां एक पेंच है

हर साल कई फिल्मों के सीक्वल रिलीज हो रहे हैं, जिनमें से कुछ को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला. तो कुछ बुरी तरह फ्लॉप हो गई. यही वजह है कि कई फिल्मों के मेकर्स सीक्वल पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं. इस साल भी कई फिल्मों के पार्ट 2 आएंगे और कुछ पर फिलहाल काम भी चल रहा है. इस लिस्ट में हाल ही में परेश रावल और राजपाल यादव की ‘मालामाल वीकली 2’ भी जुड़ गई है. जिसके पहले पार्ट ने सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों को कारोबार नहीं किया था, बल्कि लोगों को काफी इम्प्रेस भी किया था. उस फिल्म को प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था. लेकिन इस बार फिल्म को प्रियदर्शन नहीं बनाने वाले हैं, तो फिर कौन होगा? कोई फाइनल हुआ या सिर्फ बात ही चल रही है?
दरअसल ‘मालामाल वीकली’ साल 2006 में रिलीज हुई थी. उस फिल्म को प्रियदर्शन ने लिखा और डायरेक्ट किया था. परेश रावल , ओम पुरी , रितेश देशमुख , राजपाल यादव और असरानी ने पिक्चर का हिस्सा थे. यूं तो फिल्म को मिलाजुला रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने काफी अच्छी कमाई की थी. महज 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म का टोटल कारोबार 42.7 करोड़ रुपये रहा था. साथ ही अब इस पिक्चर का पार्ट 2 बन रहा है, लेकिन बिना प्रियदर्शन के.
‘मालामाल वीकली’ के सीक्वल को कौन बनाएगा?
20 साल पहले फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने ‘मालामाल वीकली’ से लोगों को खूब हंसाया था. पिक्चर में एक ऐसे गांव की कहानी थी, जो एक लॉटरी जीतने वाले टिकट के पीछे पड़ा था. हाल ही में एक न्यूज वेबसाइट पर एक रिपोर्ट छपी. जिससे पता लगा कि, ‘मालामाल वीकली 2’ पर काम चल रहा है. परेश रावल और फिल्म की कास्ट के दूसरे मेंबर्स रितेश देशमुख और राजपाल यादव भी इसका हिस्सा हैं. जो कि फिर से पुराना वाला किरदार निभाते नजर आ सकते हैं. पर इस बार डायरेक्शन की कमान किसी और के हाथ में होगी. जानकारी के मुताबिक, ‘बधाई हो’ फेम डायरेक्टर अमित शर्मा इस फिल्म के सीक्वल को डायरेक्ट कर सकते हैं. साथ ही पता लगा कि अमित शर्मा से इस सीक्वल को लेकर बातचीत चल रही है. हालांकि, वो पिक्चर को लेकर काफी एक्साइटेड हैं.
वैसे फिल्म में डायरेक्शन के अलावा एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है. पहली फिल्म पर शैलेंद्र सिंह की Percept Picture Company और सहारा मोशन पिक्चर्स ने पैसा लगाया था. पर इस बार वो फिल्म से जुड़े नहीं हैं. जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि- परेश ने मुझसे संपर्क किया और एक इंडिपेंडेंट प्रोड्यूसर की तरफ से सीक्वल के राइट्स मांगे. लेकिन उन्हें हम बता चुके हैं कि राइट्स सहारा और किसी और के बीच हैंय मेरे पास इस बारे में कोई क्लियर डॉक्यूमेंटेशन मौजूद नहीं है.











