टीम इंडिया का यही रहा हाल, तो ओलंपिक से हो जाएगी बाहर? क्या है क्वालिफिकेशन का नियम

टीम इंडिया पिछले लंबे समय से टी20 क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए हुए है. साल 2022 से ही आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में भारत नंबर-1 की पोजीशन पर काबिज है. लेकिन हाल ही में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया का जो हश्र हुआ है, उसने भारतीय क्रिकेट फैंस की चिंताएं बढ़ा दी हैं. पहले आयरलैंड और फिर इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद अब न सिर्फ भारत का नंबर-1 का ताज छिनने की कगार पर है, बल्कि इसका सीधा असर लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के क्वालिफिकेशन पर भी पड़ सकता है.

लगातार हार से रेटिंग पॉइंट्स में भारी गिरावट

भारतीय टीम ने जब इस यूके दौरे का आगाज किया था, तब उसके खाते में कुल 275 रेटिंग पॉइंट्स थे. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया को 2-0 से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी, जिससे रेटिंग पॉइंट्स घटकर 272 हो गए. अब इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में भारत अब तक खेले गए चार मुकाबलों में से तीन मैच गंवा चुका है, वहीं एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया. इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के रेटिंग पॉइंट्स गिरकर 269 पर आ गए हैं.

दूसरी तरफ, इंग्लैंड की टीम लगातार जीत का लुत्फ उठा रही है और वह 267 रेटिंग पॉइंट्स के साथ भारत के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी है. अब दोनों टीमों के बीच सिर्फ 2 पॉइंट्स का फासला रह गया है. ऐसे में अगर भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला भी हार जाती है, तो वह नंबर-1 की कुर्सी से हाथ धो बैठेगी.

ओलंपिक क्वालिफिकेशन का क्या है नियम?

क्रिकेट फैंस के मन में यह सवाल जरूर उठ रहा होगा कि इस रैंकिंग का ओलंपिक से क्या लेना-देना है. दरअसल, साल 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल किया गया है. इसके क्वालिफिकेशन का जो नियम है, उसके मुताबिक भारतीय पुरुष टीम को अगर ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई करना है, तो उसे साल 2026 के अंत तक आईसीसी टी20 रैंकिंग में एशियाई टीमों के बीच टॉप पर बने रहना होगा.

अगर, टीम इंडिया का ग्राफ इसी तरह गिरता रहा, तो आने वाले समय में उसे तगड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है. राहत की बात बस इतनी है कि एशियाई टीमों की रैंकिंग में दूसरे नंबर पर मौजूद पाकिस्तान की टीम फिलहाल 240 रेटिंग पॉइंट्स के साथ कुल रैंकिंग में छठे स्थान पर है, जो भारत से काफी पीछे है. लेकिन अगर भारत लगातार मैच हारता रहा, तो यह अंतर भी कम हो सकता है.

इंग्लैंड सीरीज के बाद भारत का शेड्यूल

इंग्लैंड का यह दौरा खत्म होने के बाद भारतीय टीम के पास अपनी रैंकिंग को सुधारने और ओलंपिक का टिकट सुरक्षित करने के लिए कई सीरीज खेलनी हैं.

  • जुलाई के अंत में जिम्बाब्वे दौरा: तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज.
  • अक्टूबर की शुरुआत में वेस्टइंडीज से टक्कर: घरेलू मैदान पर 5 मैचों की टी20 सीरीज.
  • अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड दौरा: कीवी टीम के खिलाफ उनके घर में 5 मैचों की टी20 सीरीज.
  • साल के अंत में श्रीलंका से सामना: अपने घर पर तीन मैचों की टी20 सीरीज.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com