रायपुर में अवैध कैसीनो का भंडाफोड़: कल्पवृक्ष रिसोर्ट पर पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गेमिंग जोन सील

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुराने धमतरी रोड स्थित कोलार क्षेत्र में अवैध रूप से कैसीनो संचालन की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कल्पवृक्ष रिसोर्ट में संचालित खोखी झीमखाना क्लब पर छापा मारकर वहां चल रही गतिविधियों की जांच की।

पोकर और रमी के लिए मिली विशेष व्यवस्था

जांच के दौरान क्लब परिसर में कैसीनो जैसी व्यवस्थाएं पाई गईं। यहां पोकर खेलने के लिए विशेष टेबल, रमी गेम के लिए ताश की गड्डियां और अन्य गेमिंग सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सामग्री को जब्त करते हुए पूरे गेमिंग जोन को सील कर दिया।

संचालकों को नोटिस, दस्तावेज तलब

कार्रवाई के बाद क्लब संचालकों को नोटिस जारी कर संचालन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज, लाइसेंस और अनुमति पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए भी तलब किया है।

सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार थाना अभनपुर क्षेत्र के कोलार स्थित कल्पवृक्ष रिसोर्ट में अवैध कैसीनो संचालन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

मामले की जांच जारी

अधिकारियों का कहना है कि क्लब में मिले पोकर कार्ड टेबल, रमी गेमिंग टेबल और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। दस्तावेजों की पड़ताल के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com