अमेरिकी संकेतों का असर, दिल्ली में सोना-चांदी के दामों में तेज उछाल

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बाद देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अमेरिका में आर्थिक गतिविधियों और ब्याज दरों से जुड़े संकेतों का असर सीधे भारतीय सर्राफा बाजार पर देखने को मिला है।

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत में 4,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और यह 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। इससे पहले इसका भाव 2,64,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 600 रुपये बढ़कर 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।

वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं में तेजी देखी गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी करीब 6 प्रतिशत बढ़कर 85.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि सोना 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,078.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका के कमजोर आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं ने सोने-चांदी की मांग को बढ़ाया है। कम ब्याज दरें गैर-लाभकारी धातुओं के लिए अनुकूल मानी जाती हैं, जिससे निवेशक इनकी ओर आकर्षित होते हैं।

बाजार विश्लेषकों का कहना है कि डॉलर में कमजोरी और वैश्विक अनिश्चितता के कारण भी निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने और चांदी में निवेश बढ़ा रहे हैं। इसके अलावा, भू-राजनीतिक तनाव और पश्चिम एशिया से जुड़ी घटनाओं ने भी कीमती धातुओं की मांग को मजबूती दी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेड की नीतियों के आधार पर सोने-चांदी की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। यदि ब्याज दरों में कटौती होती है, तो बाजार में तेजी का रुझान आगे भी जारी रह सकता है।

close