औरंगाबाद में बाइक सवार ने अधेड़ को मारी जोरदार टक्कर, हुई दर्दनाक मौत

औरंगाबाद। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बभंडीह गांव स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से एक 52 वर्षीय अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के ही सहया गांव निवासी बिहसी प्रजापति के रूप में हुई है.
घटना रविवार की शाम की बताई जा रही है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि बिहसी प्रजापति अपने घर से साइकिल पर सवार होकर बारुण थाना क्षेत्र के जोगिया बाजार करने जा रहे थे.
जैसे ही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बभंडीह गांव स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार युवक ने जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद युवक बाइक छोड़कर फरार हो गया. मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों को दी. सूचना पर बदहवास परिजन पहुंचे और शव से लिपटकर चीत्कार उठे. इधर घटना की सूचना मिलते ही खैरा बिंद पंचायत के मुखिया सुजीत कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. इसके बाद संबंधित थाना को सूचना दी गई. सूचना पर नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई.
घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वही गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजें की मांग की है. मुखिया सुजीत सिंह व राजद नेता बादशाह यादव ने कहा कि घटना बहुत दुखद है. बाजार जाने के दौरान बाइक की चपेट में आने से बिहसी प्रजापति की मौत हुई है.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना में अधेड़ की मौत हुई है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.











