बहराइच : सुजौली क्षेत्र में बच्ची को निवाला बनाने वाला तेंदुआ हुआ पिंजड़े में कैद

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सुजौली रेंज में बालिका पर हमला करने वाली मादा तेंदुआ शुक्रवार भोर गांव के बाहर लगे पिंजरे में कैद हो गई. जानकारी के बाद पहुंचे वनकर्मी उसे रेंज कार्यालय लेकर आए. स्वास्थ्य जांच के बाद उसे ट्रांस गेरुआ के जंगल में छोड़ दिया गया है.
मोहकमपुरवा गांव निवासी छह वर्षीय सहजल पर पांच दिन पूर्व तेंदुए ने हमला कर मार डाला था.इलाके में तेंदुए के मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाकर बकरी बांधी गई थी.सुबह चार बजे बकरी का शिकार करने के चक्कर में तेंदुआ पिंजरे में पहुंची.अंदर जाते ही पिंजरे का फाटक नीचे गिर गया.
प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उसे रेंज कार्यालय लाकर पशु चिकित्सकों की टीम से तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें वह स्वस्थ निकली.डीएफओ अपूर्व दीक्षित के निर्देश पर कतर्नियाघाट के ट्रांस गेरुआ के जंगल में उसे छोड़ दिया गया है.
तेंदुआ मादा है और उसकी उम्र दो से ढाई वर्ष के बीच है.तेंदुआ के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है तेंदुए ने बीते कई दिनों में कई लोगों पर हमला किया था जिनमें मासूम सहजल की जान चली गई थी जिसके बाद ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर काफी दहशत थी ग्रामीण अभी भी आशंका जता रहे हैं कि ओर भी तेंदुए हो सकते हैं.











