जयपुर में युवक ने की सुसाइड की कोशिश:भाई से नाराज होकर ब्लेड से कलाई काटी, लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा मिला

जयपुर में एक युवक के सुसाइड करने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। वह रोड पर लहूलुहान हालत में बुधवार दोपहर पड़ा मिला। हरमाड़ा थाना पुलिस ने SMS हॉस्पिटल के ट्रोमा में गंभीर हालत में एडमिट करवाया। पुलिस जांच में सामने आया है भाई से नाराज होकर उसने ब्लेड से अपनी कलाई काट ली थी। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
SHO (हरमाड़ा) उदय सिंह यादव ने बताया- दोपहर करीब 2:15 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली। लोहा मंडी रोड पर एक लड़का लहूलुहान हालत में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को युवक सड़क पर पड़ा मिला। जिसकी कलाई से खून बह रहा था।
सवाई माधोपुर का रहने वाला है युवक
पुलिस ने तुरंत उसे SMS हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में एडमिट करवाया। जांच में सामने आया कि घायल युवक सूरज बैरवा (30) पुत्र मोहन बैरवा निवासी खांडरा चितारा सवाई माधोपुर का रहने वाला है। वह वर्तमान में लोहा मंडी रोड पर रह रहा है।
बेहोश होकर सड़क पर गिरा
सूरज ने अपने भाई राजू को कुछ समय पहले 5 हजार रुपए उधार दिए थे। बुधवार दोपहर उधार दिए रुपए वापस लेने उसके कमरे पर गया था। भाई के रुपए देने से मना करने पर वह नाराज हो गया। आवेश में आकर उसने ब्लेड से अपने बाएं हाथ पर वार कर लिया, जिससे काफी खून बहने से वह बेहोश हो गया और रोड पर गिर गया।
पुलिस जांच में पता चला है कि वह शराब के नशे में था। पुलिस को घटनास्थल पर कलाई काटने में यूज ब्लेड भी मिली है।











