रिश्वत की कीमत पर इंसाफ! जबलपुर में सरकारी वकील 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जबलपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है जहां न्याय के रक्षक ही रिश्वतखोरी में लिप्त पाए गए। जिला कोर्ट में पदस्थ अतिरिक्त लोक अभियोजक कुक्कू दत्त को मंगलवार को जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
सरकारी वकील पर आरोप है कि वह एक केस में पुनः अपील दायर करवाने हेतु दस्तावेजों पर साइन करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रही थीं।
शिकायतकर्ता बिहारी लाल रजक ने जब इस बात की शिकायत लोकायुक्त एसपी से की, तो पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप प्लान तैयार किया गया।
योजना के तहत मंगलवार को लोकायुक्त टीम ने सिविल लाइन स्थित कुक्कू दत्त के घर पर छापा मारा, जहां उन्होंने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते ही सरकारी वकील को रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस मामले की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी, जब बिहारी लाल रजक ने एक अपराध पंजीबद्ध कराया था। सुनवाई के बाद आरोपी को अदालत ने दोषमुक्त करार दिया।
इस केस में शासन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक कुक्कू दत्त ने पैरवी की थी। कोर्ट के फैसले के बाद शासन ने पुनः अपील दायर करने के निर्देश दिए, लेकिन अभियोजक ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के बदले में 15 हजार रुपये की मांग की।








