ओंकारेश्वर में आज से सावन का उल्लास, एक घंटा पहले खुलेंगे पट

खंडवा: तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार को गुरु पूर्णिमा का उल्लास रहा। शुक्रवार से सावन माह की शुरुआत हो रही है। सावन में ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। रविवार और सोमवार को एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

मंदिर के पट अब सुबह पांच बजे की बजाय चार बजे ही खुल जाएंगे। वहीं, रात्रि में भी पट देरी से बंद होंगे। यह व्यवस्था पूरे सावन माह में लागू रहेगी। मां नर्मदा के जल से शिवालयों में जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों का हुजूम भी उमड़ेगा। सावन के प्रत्येक सोमवार को भगवान ओंकारेश्वर की सवारी निकालकर उन्हें नगर भ्रमण करवाया जाएगा। सावन के चार और भादौ के दो सोमवार को यह सवारी धूमधाम से निकलेगी। इस दौरान जलाभिषेक, शृंगार और महासवारी का आयोजन होगा।

भादो के दूसरे सोमवार को भगवान ओंकार पर्वत की परिक्रमा करेंगे। चूंकि कांवड़िए सावन माह में बड़ी संख्या में जल अर्पित करने ओंकारेश्वर पहुंचेंगे, ऐसे में इंदौर-ऐदलाबाद हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर दिन के समय प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान भारी वाहन धामनोद, खंडवा, महाराष्ट्र की ओर से डायवर्ट किए जाएंगे। सिर्फ छोटे वाहन जैसे कार, बस और पेट्रोल-डीजल टैंकरों को निकलने की अनुमति रहेगी।

 

 

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com