पत्रकारों पर बेवजह हो रहे एफआईआर के विरोध में बालोद जिले के पत्रकारों ने डिप्टी सीएम से की मुलाकात, कहा – जानबूझकर पत्रकारों को डराया जा रहा

बालोद. जिले में लगातार पत्रकारों पर दर्ज हो रही बेवजह एफआईआर और पुलिस प्रशासन द्वारा बनाए जा रहे दबाव के विरोध में डौंडी, दल्लीराजहरा, बालोद, गुरुर और गुंडरदेही क्षेत्र के विभिन्न संगठन के पत्रकार रविवार को एकजुट होकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिले। रेस्ट हाउस में हुई मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा को लेकर बिगड़ते हालात और हाल ही में हुए कई मामलों की विस्तृत जानकारी दी।
पत्रकारों ने बताया कि बीते दिनों दल्लीराजहरा के एक वरिष्ठ पत्रकार के मोबाइल पर कथित शराब तस्कर ने एक हजार रुपए फोन-पे कर फर्जी लेन-देन का बहाना बनाकर झूठी एफआईआर दर्ज करा दी। पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि मामले की कोई प्राथमिक जांच नहीं की गई और बिना तथ्य जाने सीधे अपराध दर्ज कर लिया गया। इतना ही नहीं, इससे पहले भी कई पत्रकारों के खिलाफ तथ्यहीन और द्वेषपूर्ण कार्रवाई के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे पूरे मीडिया जगत में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

पत्रकारों की समस्याएँ सुनने के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी से बात कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं और उनके खिलाफ अनावश्यक या मनमानी कार्रवाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान पत्रकारों ने प्रशासनिक कार्यों में आ रहीं दैनिक समस्याओं, फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान सहयोग की कमी और प्रेस स्वतंत्रता पर पड़ रहे प्रभावों को भी विस्तार से रखा। उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और भविष्य में पत्रकारों को डराने-धमकाने की किसी भी कोशिश पर सख्त रोक लगाई जाएगी।

मुलाकात के दौरान वीरेंद्र भारद्वाज, नरेंद्र खोब्रागड़े, आलोक गुप्ता, बलराम गुप्ता, संतोष कोशी, अजयन पिल्ले, हीरालाल पवार, भोजराम साहू, नीलेश श्रीवास्तव, राघवेन्द्र शर्मा, कमल शर्मा, शेखर गुप्ता, कमल साहू, छगन साहू, गोरेलाल सोनी, तेजराम साहू, ओम गोलछा, दीपक राजाभोज, मोहन दास मानिकपुरी, लक्ष्मी कांत बंसोड़, किशोर साहू, राजेश पटेल, शिव जायसवाल, रवि भूतड़ा, राहुल भूतड़ा, संतोष साहू, विकास साहू, संजय सोनी, बोधन भट्ट, टीकम पिपरिया, परस साहू, मीनू साहू, खिलावन चंद्राकर, तिलक राम देशमुख, केशव सिन्हा, तरुण नाथ योगी, मो. फुरकान खान, अंकित टाटिया, यशवंत निषाद, दीपक देवदास, सोनू देवदास, दानवीर साहू, नरेश जोशी, राजेश साहू, देवेंद्र साहू, जगन्नाथ साहू, मधुसागर, कृष्णा गंजीर, अमित मंडावी, तहजीब खान, मंजू शर्मा, टामन साहू, जागेश्वर सिन्हा, हेमशंकर सोनवानी और सतीश रजत सहित अंचल के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।











